रानीपोखरी में फेरीवालों का सत्यापन अभियान शुरू। (जनप्रतिनिधियों की मांग पर पुलिस ने बढ़ाई निगरानी, संदिग्ध लोगों पर रहेगी विशेष नजर)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
रानीपोखरी क्षेत्र में बाहर से आने वाले फेरीवालों और घुमंतू विक्रेताओं के सत्यापन को लेकर दिए गए ज्ञापन का पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया है।
जनप्रतिनिधियों की मांग के बाद रानीपोखरी पुलिस ने क्षेत्र में बाहर से आकर फेरी लगाने वाले लोगों का सत्यापन अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस टीम उनकी पहचान और आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर रही है।
रानीपोखरी एसआई बलदीप सिंह ने बताया कि जनप्रतिनिधियों की ओर से सौंपे गए ज्ञापन का संज्ञान लेते ही पुलिस ने सत्यापन अभियान शुरू कर दिया है। क्षेत्र में बाहर से आने वाले फेरीवालों की पहचान और दस्तावेजों की जांच की जा रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी।
किसान मोर्चा गढ़वाल के सहसंयोजक अरुण शर्मा ने कहा कि क्षेत्र की सुरक्षा के लिए बाहरी लोगों का सत्यापन जरूरी है। पुलिस की ओर से तत्काल कार्रवाई शुरू किए जाने से लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।
प्रधान संगठन अध्यक्ष अनूप चौहान ने कहा कि फेरीवालों के सत्यापन के साथ क्षेत्र में पुलिस गश्त भी बढ़ाई जानी चाहिए। नियमित निगरानी से असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।
पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि क्षेत्र में किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
इस दौरान बड़कोट प्रधान सुनील भट्ट, विक्रम भंडारी, आनंद रावत, विजय पाल सिंह नेगी ने पुलिस कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया।
.



