वन्य जीव संरक्षण पर बच्चों ने लिखे निबंध, आरव सोलंकी ने हासिल किया प्रथम स्थान। (वन्य जीव सप्ताह के तहत बड़ासी स्कूल में प्रतियोगिता, विजेता विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
वन्य जीव सप्ताह के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय बड़ासी में थानों रेंज वन विभाग की ओर से विद्यार्थियों के लिए निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने वन्य जीव संरक्षण और पर्यावरण से जुड़े विषयों पर अपने विचार निबंध के माध्यम से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। वहीं, सभी विद्यार्थियों को फल और जूस भी वितरित किए गए।
प्रतियोगिता में कक्षा चार के आरव सोलंकी ने प्रथम, कक्षा चार की सृष्टि कृषाली ने द्वितीय और कक्षा दो की आरवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
ग्राम प्रधान राहुल मनवाल ने कहा कि बच्चों को कम उम्र से ही वन्य जीवों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना जरूरी है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
वन दरोगा आशीष कोठारी ने कहा कि वन्य जीव सप्ताह के माध्यम से लोगों को वन्य जीवों के संरक्षण और पर्यावरण के महत्व के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से वन्य जीवों और प्रकृति की सुरक्षा में सहयोग करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर वन बीट अधिकारी भगत राम चमोली, वन बीट अधिकारी सचिन असवाल, अभिजीत मनवाल, प्रधानाध्यापिका भारती, सहायक अध्यापिका राशि रेखी और अनीता राणा मौजूद रहे



