शहीद पंकज रावत की प्रतिमा का अनावरण, शहीद द्वार स्थापित। (25वीं शहादत पर वीर सैनिक को दी श्रद्धांजलि, गढ़वाल राइफल्स के जवानों सहित ग्रामीणों ने किया नमन)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला विधानसभा क्षेत्र की भोपालपानी ग्रामसभा के राजस्व ग्राम कालीमाटी में अमर शहीद सैनिक पंकज रावत की 25वीं शहादत पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। साथ ही शहीद द्वार की स्थापना भी की गई। इस दौरान गढ़वाल राइफल्स के सैनिकों, शहीद के परिजनों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने वीर सैनिक को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अश्वनी बहुगुणा ने कहा कि शहीद पंकज रावत का बलिदान क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी स्मृति में स्थापित प्रतिमा और शहीद द्वार युवाओं को देशभक्ति और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे।
ग्राम प्रधान राहुल मनवाल ने कहा कि शहीद पंकज रावत गांव के वीर सपूत हैं। उनकी शहादत को हमेशा याद रखा जाएगा। प्रतिमा और शहीद द्वार आने वाली पीढ़ियों को उनके बलिदान की याद दिलाते रहेंगे।
कार्यक्रम में शहीद के पिता मंगल सिंह रावत, माता निरलेश रावत, भाई नीरज रावत, रघुवीर चुनारा, नरेंद्र सोलंकी, महेंद्र पंवार, पदम रावत, रेनू चुनारा,गढ़वाल राइफल्स के सैनिक और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



