श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता। अर्पण यदुवंशी, (केदारनाथ–लिंचोली पैदल मार्ग पर एसडीआरएफ की सतर्कता, हर मोर्चे पर राहत और रेस्क्यू)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ–लिंचोली पैदल मार्ग पर तैनात एसडीआरएफ की टीमें दुर्गम हालातों में भी लगातार राहत और रेस्क्यू कार्य कर रही हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कम ऑक्सीजन, ठंड और फिसलन भरे रास्तों के बीच एसडीआरएफ जवान श्रद्धालुओं की सहायता में पूरी मुस्तैदी से जुटे हैं।
यात्रा शुरू होने के बाद से केदारनाथ क्षेत्र में ऑक्सीजन की कमी और थकान से प्रभावित 65 श्रद्धालुओं को ऑक्सीजन उपलब्ध कराई गई, जबकि 40 से अधिक यात्रियों को आवश्यक दवाइयां दी गईं। गंभीर हालत में पहुंचे 08 मरीजों को समय रहते हेली सेवा से एयरलिफ्ट किया गया। इसके अलावा 35 से अधिक श्रद्धालुओं का मौके पर स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
लिंचोली क्षेत्र में एसडीआरएफ द्वारा 85 से अधिक यात्रियों को ऑक्सीजन सपोर्ट, 200 से अधिक श्रद्धालुओं को दवाइयां और 70 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। रेस्क्यू अभियानों में केदारनाथ से 70 से अधिक और लिंचोली से 30 से अधिक श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला गया।
सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान हर श्रद्धालु सुरक्षित रहे, यही हमारा उद्देश्य है। स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या या आपात स्थिति में तुरंत सहायता दी जा रही है। एसडीआर की टीमें पूरे मार्ग पर सतर्कता के साथ तैनात हैं और लगातार निगरानी रखी जा रही है।



