सारंधर वाला और थानो में विकास कार्यों को शासन की मंजूरी। (96.65 लाख रुपये से होंगे सड़क और पुल निर्माण के कार्य, विधायक बृजभूषण गैरोला ने मुख्यमंत्री का जताया आभार)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में सड़क और आवागमन की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए शासन ने दो महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को मंजूरी दी है। इन कार्यों पर कुल 96.65 लाख रुपये खर्च होंगे। लोक निर्माण विभाग की ओर से नौ नवंबर को जारी शासनादेश में दोनों योजनाओं को प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
स्वीकृत योजनाओं के तहत ग्राम पंचायत सारंधर वाला के विभिन्न आंतरिक मोटर मार्गों पर 1.119 किलोमीटर लंबाई में इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाई जाएंगी। इसके लिए 66.37 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, थानो में भुइयां मंदिर मोटर मार्ग से सुखबीर सलोकी के घर तक छह मीटर स्पान के पुल का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य के लिए 30.28 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है।
विधायक बृजभूषण गैरोला ने दोनों योजनाओं को स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। इन योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और आवागमन की सुविधाओं में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।



