उत्तराखंड के वीर सपूतों का अपमान कांग्रेस की मर्यादाहीन राजनीति। राजेंद्र (जनरल बिपिन रावत और अजीत डोभाल उत्तराखंड की धरती के गौरव, वीर सपूतों का अपमान बर्दाश्त नहीं)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर केंद्र के प्रतिपक्ष नेता राहुल गांधी की टिप्पणी के विरोध में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल ने कांग्रेस पर निशाना साधा। गुरुवार को भानियावाला स्थित कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान तड़ियाल ने कहा कि अजीत डोभाल ने अपना पूरा जीवन देश की सुरक्षा के लिए समर्पित किया है। उनके प्रति अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल उत्तराखंड की जनभावनाओं और स्वाभिमान को आहत करने वाला है।
तड़ियाल ने कहा कि स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत और अजीत डोभाल दोनों उत्तराखंड की धरती के गौरव हैं। जनरल बिपिन रावत ने भारतीय सेना का नेतृत्व किया, जबकि अजीत डोभाल ने दशकों तक देश की राष्ट्रीय सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऐसे वीर सपूतों के लिए कांग्रेस की ओर से इस तरह की भाषा का इस्तेमाल दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण व्यक्तित्वों पर टिप्पणी करते समय भाषा की मर्यादा का ध्यान रखा जाना चाहिए। तड़ियाल ने कहा कि उत्तराखंड वीरभूमि है और यहां की जनता देश की सुरक्षा में योगदान देने वाले अपने सपूतों का सम्मान करती है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कांग्रेस पर सेना और सैनिकों के सम्मान को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयरस्ट्राइक और गलवान घाटी की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कांग्रेस की भूमिका पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और सेना से जुड़े विषयों पर राजनीति करने के बजाय सैनिकों और सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों के योगदान का सम्मान किया जाना चाहिए।
तड़ियाल ने कहा कि जनरल बिपिन रावत और अजीत डोभाल जैसे व्यक्तित्व उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय हैं। ऐसे वीर सपूतों का अपमान उत्तराखंड की जनता स्वीकार नहीं करेगी।
पत्रकार वार्ता में दीवान सिंह रावत, विनय कंडवाल, चंद्रभान , मनीष छेत्री,संपूर्ण रावत, पुष्पा ध्यानी, विनोद शास्त्री, मनोज कांबोज, मनीष यादव, शेखर कुमार, उमेद बोहरा आदि मौजूद रहे I



