छात्र छात्राओं के साथ प्रोफेसर्स और कर्मचारियों ने ली पर्यावरण संरक्षण की शपथ।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डोईवाला में आज पर्यावरण संरक्षण एवं हिमालय बचाओ अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर कॉलेज के प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने मिलकर यह संकल्प लिया कि वे हिमालय की पवित्र पर्वतमालाओं, नदियों, वनों एवं पर्यावरण की रक्षा करेंगे।
शपथ में छात्रों ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ-साथ उनका विवेकपूर्ण उपयोग करने का संकल्प लिया। उन्होंने यह भी वचन दिया कि अनावश्यक कटाई, प्रदूषण, प्लास्टिक और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन से दूर रहेंगे तथा स्वच्छता, हरितारोपण और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और संतुलित हिमालय छोड़ने हेतु निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प भी सभी ने लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी और जागरूकता को बढ़ाना था।



