Blog

गंगौरी त्रासदी में शहीद हुए दीपक प्रजापति की स्मृति में किया गया मार्ग का नामकरण।

शहीदों के बलिदान से ही हमारी सीमाएं और समाज सुरक्षित हैं। तडियाल

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
प्राचीन शिव मंदिर बुल्लावाला मार्ग का नाम अब शहीद दीपक प्रजापति मार्ग से जाना जाएगा। मंगलवार को इस मार्ग का नामकरण जिला अध्यक्ष राजेंद्र तडियाल, ग्राम प्रधान परविंदर सिंह ने संयुक्त रूप से किया। शहीद दीपक प्रजापति 2 अगस्त 2012 में गंगौरी, उत्तरकाशी में पुलिस चौकी पर तैनात थे। रात लगभग 11 बजे आई भीषण बाढ़ में पूरी चौकी जलप्रलय की भेंट चढ़ गई थी। इस हादसे में चौकी पर मौजूद सभी जवान वीरगति को प्राप्त हुए थे।

शहीद दीपक प्रजापति की शहादत को याद करते हुए उनके परिवारजनों को सम्मानित कर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तडियाल ने कहा कि शहीदों के बलिदान से ही हमारी सीमाएं और समाज सुरक्षित हैं। शहीद दीपक प्रजापति ने अपने कर्तव्य पथ पर प्राणों की आहुति दी, यह मार्ग उनके त्याग का प्रतीक बनेगा।
ग्राम प्रधान परविंदर सिंह बाउ ने कहा कि गांव के लिए यह गर्व का क्षण है कि हमारे मार्ग का नाम शहीद दीपक प्रजापति के नाम पर रखा गया। शहीदों की स्मृति में किया गया यह निर्णय आने वाली पीढ़ियों को हमेशा देशभक्ति और बलिदान की प्रेरणा देता रहेगा।
जिला कार्यालय प्रभारी वंदना स्वामी ने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि इस मार्ग का नाम शहीद के नाम पर रखा गया। इससे नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष उषा कोठारी, जिला कार्यालय प्रभारी वंदना स्वामी, ग्राम पंचायत सदस्य कुसुम शर्मा, मनोज कांबोज, प्रीतम सिंह, जयप्रकाश, नीरज शर्मा, जितेंद्र, कुलदीप के अलावा शहीद परिवार और ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button