Blog

रिश्तेदारी में बेटे के लिए लड़की देखने गया परिवार, बंद मकान से चोरों ने लाखों की ज्वेलरी और नगदी उड़ाई।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत कालूवाला में कालू सिद्ध मंदिर के पास स्थित राजेंद्र सिंह रावत के बंद मकान में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवारजन रविवार को कोटद्वार रिश्तेदारी में अपने लड़के के लिए लड़की देखने गए थे। इस बीच चोरों ने बंद घर का ताला तोड़कर आलमारी में रखे लाखों रूपये के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। परिवारजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल के आसपास केसीसी टीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

कालूवाला निवासी पीड़ित राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि रविवार को रिश्तेदारी में गए थे। मंगलवार को पड़ोसियों ने फोन कर बताया कि घर का ताला टूटा हुआ है। जब 11 बजे घर पहुंचे तो देखा कि सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है और आलमारी का लाकर टूटा हुआ था। आलमारी में रखा एक मंगलसूत्र, एक अंगूठी, दो चेन सोने की, चांदी जेवरात और करीब छह हजार रुपये नकद गायब है।

ग्राम प्रधान उमा शाही ने बताया कि क्षेत्र में दो तीन माह के भीतर लगातार कई चोरियां हो चुकी हैं, लेकिन अभी तक किसी भी चोरी का खुलासा नहीं हो पाया है। हमने पुलिस प्रशासन से सभी चोरियों का जल्द खुलासा करने और क्षेत्र में व्यापक सत्यापन अभियान चलाने और गस्त लगाने की मांग की है।

पूर्व प्रधान और बीडीसी सदस्य पंकज रावत ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब कालूवाला में चोरी हुई हो। पुलिस को इस मामले में गंभीरता से जांच करनी चाहिए और जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।

घटना की जानकारी मिलने पर जॉलीग्रांट पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। चौकी इंचार्ज नवीन डंगवाल ने बताया कि मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button