बांध प्रभावितों की भूमि के बदले भूमि दिलाने की मांग लेकर मुख्यमंत्री से की जाएगी वार्ता। विधायक गैरोला
एयरपोर्ट विस्तारीकरण में छूटे 9 परिवारों को भी शामिल करने की माँग तेज, बांध प्रभावितों की भूमि के बदले भूमि देने पर संघर्ष समिति अड़ी।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
अठूरवाला संघर्ष समिति ने एयरपोर्ट विस्तारीकरण को लेकर आंदोलन लगातार तेज कर दिया है। उन्होंने कहा कि परियोजना से सीधे प्रभावित 9 परिवार, जिन्हें अभी तक सूचियों में शामिल नहीं किया गया है, उन्हें भी मामले में शामिल किया जाए और उन्हें पूरा मुआवजा व पुनर्वास अधिकार दिया जाए साथ ही कि बांध प्रभावित लोगों की जो कृषि भूमि ली गई है, उन्हें भूमि के बदले भूमि दी जाए।
रविवार को धरनास्थल पर पहुंचे डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों और ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट विस्तारीकरण महत्वपूर्ण परियोजना है, लेकिन इसमें जनता के हित सर्वोपरि हैं और किसी भी परिवार को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।
गैरोला ने आश्वासन दिया कि छूटे हुए 9 परिवारों को सूची में शामिल करने, बांध प्रभावितों को कृषि भूमि के बदले भूमि देने, एक समान सर्किल रेट, तथा वाजिब मुआवजा व सुरक्षित पुनर्वास जैसे सभी मुद्दों पर वे मुख्यमंत्री से लेकर विभागीय अधिकारियों तक विस्तृत वार्तालाप करेंगे।
उन्होंने कहा कि मैं इन सभी मुद्दों को मुख्यमंत्री के सामने रखूँगा। ताकि प्रभावितों को न्याय मिल सके।
नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि विकास तभी सार्थक है जब जनता सुरक्षित और संतुष्ट हो। उन्होंने कहा कि प्रशासन और सरकार को सभी परिवारों के हितों को ध्यान में रखकर निर्णय लेना चाहिए।
इस मौके पर समिति अध्यक्ष मनजीत सिंह सजवान, ज्ञान सिंह धर्मेंद्र सिंह विक्रम सिंह आदि बढ़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।



