एनएचएआई ने आरओडब्ल्यू भूमि खाली कराने पर दिया जोर, नगर प्रतिनिधियों से हुई वार्ता।
सर्विस रोड निर्माण में तेजी, प्रभावित लोगों को दी गई सूचना।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा प्रस्तावित सर्विस रोड निर्माण को लेकर प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसी क्रम में भानियावाला क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग की आरओडब्ल्यू (मार्ग अधिकार) भूमि को खाली कराने के लिए 22 दिसंबर 2025 तक की समय सीमा तय की गई है।
इस सूचना के बाद क्षेत्रीय नगर प्रतिनिधियों ने परियोजना अधिकारी से मुलाकात कर वस्तुस्थिति से अवगत कराया। नगरपालिका डोईवाला के वार्ड नंबर-2 के सभासद सुरेश सैनी, पूर्व प्रधान रामकिशन, उमानंद बहुगुणा, नितिन बड़थ्वाल सहित अन्य प्रतिनिधियों ने ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि सीमित समय के कारण कई लोगों को अपने मकान व दुकानों को हटाने में व्यवहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
एनएचएआई के परियोजना अधिकारी रोहित पवार ने बताया कि संबंधित भूमि राष्ट्रीय राजमार्ग की है, जिस पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नियमों के अनुरूप हटाया जाना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में पूर्व में नोटिस जारी किए जा चुके हैं तथा लाउडस्पीकर के माध्यम से भी सूचना दी गई है, ताकि लोग स्वयं अपने स्तर पर निर्माण हटाने की कार्रवाई कर सकें।
परियोजना अधिकारी ने यह भी कहा कि विभाग स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेगा, जिससे निर्माण कार्य बिना किसी अनावश्यक विवाद के आगे बढ़ सके।



