रानीपोखरी में स्व. राजेंद्र शाह की 17वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा।
पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अर्पित की श्रद्धांजलि।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
पूर्व विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रहे स्व. राजेंद्र शाह की 17 वीं पुण्यतिथि के अवसर पर रानीपोखरी में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने स्व. राजेंद्र शाह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि स्व. राजेंद्र शाह ने राजनीति को सत्ता नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम बनाया। उनका संपूर्ण जीवन ईमानदारी, सिद्धांतों और जनहित के लिए समर्पित रहा, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ऋषिकेश राजेंद्र तड़ियाल ने कहा कि स्व. राजेंद्र शाह का सामाजिक और राजनीतिक योगदान क्षेत्र के लिए अमूल्य है। उन्होंने जिस मूल्यपरक राजनीति की, वह आने वाली पीढ़ियों को सदैव दिशा देती रहेगी।
स्व. राजेंद्र शाह के पुत्र अमित शाह, निवर्तमान अध्यक्ष सहकारी बैंक देहरादून ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी की उपस्थिति उन्हें और उनके परिवार को संबल प्रदान करती है। उन्होंने स्व. राजेंद्र शाह मेमोरियल समिति की ओर से सभी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की और विश्वास जताया कि आगे भी सभी का स्नेह, सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहेगा।
कार्यक्रम में निवर्तमान राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष एवं ऋषिकेश जिला प्रभारी भाजपा दान सिंह रावत,प्रेम पुंडीर, संसार सिंह, संपूर्ण सिंह रावत, सतीश सेमवाल, सहित मातृशक्ति, युवा साथी, वरिष्ठजन और मेमोरियल समिति के सदस्य उपस्थित रहे। श्रद्धांजलि सभा भावपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।



