किसानों, युवाओं, पर्यटन और लघु उद्योग को मिलेगा विशेष लाभ; स्वास्थ्य, मत्स्य पालन और शहरी विकास में नई योजनाओं का प्रावधान।
केंद्र बजट से उत्तराखंड को विकास का नया मार्ग। महेंद्र भट्ट
डोईवाला ऋषिकेश (राजेंद्र वर्मा):
भारतीय जनता पार्टी ने केंद्र सरकार के बजट को उत्तराखंड के लिए लाभकारी बताते हुए इसे राज्य के विकास के लिए मील का पत्थर करार दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पत्रकार वार्ता में कहा कि यह बजट किसानों, महिलाओं, युवाओं, पर्यटन और छोटे व्यापारियों को मजबूती देगा और राज्य के विकास को नई दिशा देगा।
बजट में उत्तराखंड के 50 प्रमुख पर्यटन स्थलों के विकास की योजना शामिल है। होटल, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। होमस्टे योजना को मुद्रा ऋण से जोड़कर स्थानीय लोगों के रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे।
किसानों के लिए प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना लागू की गई है, जिससे 1.7 करोड़ किसानों को लाभ मिलेगा। किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा 5 लाख रुपये तक बढ़ाई गई है।
लघु एवं मध्यम उद्योगों के लिए बिना गारंटी ऋण सीमा 10 करोड़ रुपये तय की गई है। छोटे व्यापारियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 30 हजार रुपये तक का ऋण यूपीआई से जुड़े क्रेडिट कार्ड के माध्यम से मिलेगा।
स्वास्थ्य क्षेत्र में 36 जीवनरक्षक दवाओं को सीमा शुल्क से मुक्त किया गया है। फ्रोजन मछली के पेस्ट पर सीमा शुल्क घटाकर 5 प्रतिशत किया गया, जिससे मत्स्य पालन उद्योग को लाभ होगा।
शहरी विकास के लिए एक लाख करोड़ रुपये की शहरी चुनौती निधि का प्रावधान किया गया है। उड़ान योजना के तहत 120 नए गंतव्यों से राज्य के कई स्थान जुड़ेंगे, जिससे पर्यटन और व्यवसाय को बढ़ावा मिलेगा।
ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि यह बजट उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक है। रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और किसानों एवं छोटे व्यापारियों को विशेष लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल ने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत की दिशा में उत्तराखंड के लिए मजबूत कदम है।
इस अवसर पर महापौर शंभू पासवान, पूर्व महापौर अनीता मंमगाई
प्रतीक कालिया मनोज ध्यानी संजय व्यास संदीप गुप्ता शंभू पासवान कपिल गुप्ता शिवम टुटेजा, नितिन विवेक शर्मा विनय उनियाल उपस्थित रहे ।



