Blog

भक्ति और सेवा का संगम बनी 25 वीं साईं पालकी यात्रा।

नगर के प्रमुख मार्गों से निकली पालकी, ‘साईं राम’ के जयकारों से गूंजा नगर।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
श्री शिरडी साईं कृपा धाम की ओर से रविवार को 25 वीं भव्य साईं पालकी यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में निकाली गई। देहरादून रोड स्थित साईं मंदिर से प्रारंभ हुई पालकी यात्रा ऋषिकेश रोड, मिल रोड, मिल बाजार और प्रेमनगर बाजार से होते हुए पुनः साईं मंदिर परिसर में संपन्न हुई। पूरे मार्ग में “साईं राम” के जयकारों से नगर का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
पालकी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर साईं बाबा का स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। महिलाओं, युवाओं और बच्चों की सक्रिय सहभागिता ने यात्रा की भव्यता को और बढ़ा दिया। नगरवासियों ने साईं बाबा की पालकी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया, वहीं कई स्थानों पर प्रसाद वितरण भी किया गया।
यात्रा के दौरान सेवा और सामाजिक सहभागिता का सुंदर दृश्य देखने को मिला। बाजारों और मार्गों पर कुछ समय के लिए सामान्य गतिविधियां थमी रहीं और लोग श्रद्धा भाव से पालकी यात्रा में शामिल होते नजर आए। स्थानीय लोगों ने स्वेच्छा से जलपान और प्रसाद की व्यवस्था कर सेवा भाव का परिचय दिया।

इस अवसर पर श्री शिरडी साईं कृपा धाम की संचालिका प्रेमलता रावत ने कहा कि साईं बाबा की पालकी यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, सद्भाव और मानवता का संदेश देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा हर वर्ष समाज को जोड़ने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का कार्य करती है।

पालकी यात्रा के सफल आयोजन में मंदिर समिति, व्यवस्थापक मंडल और स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा।

पालकी यात्रा में सुनील अरोड़ा, सोनू गोयल, उषा रानी गुप्ता , अनिल प्रजापति, कैलाश मित्तल, आनंद गुप्ता, आनंदी यादव, सुमन शर्मा, कविता मनवाल, सुशीला देवी, देवी, सोनू गुप्ता, चमन कौशल, विक्रांत वर्मा, स्वदेश पाल सहित सैकड़ों श्रद्धालु शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button