अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर स्नेहा राणा की मां सहित कई मातृशक्तियों का सम्मान।
कांग्रेस नेता अश्वनी बहुगुणा ने सभी के आवास पर पहुंचकर शॉल ओढ़ाकर किया सम्मान, मातृशक्ति के योगदान को सराहा।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अश्वनी बहुगुणा ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी स्नेहा राणा की मां विमला राणा से उनके आवास पर पहुंचकर भेंट की और उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने आशीर्वाद भी लिया।
पूर्व ब्लाक प्रमुख अश्वनी बहुगुणा ने क्षेत्र में विभिन्न मातृशक्तियों के आवास पर पहुंचकर उनका सम्मान किया। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर, महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव कमलजीत कौर, नागल ज्वालापुर की प्रधान राखी देवी, नागल बुलंदावाला की प्रधान अंजू देवी, सिमलास ग्रांट की प्रधान सुषमा बोहरा, वार्ड सदस्य नागल ज्वालापुर आशा बहुगुणा सहित करीब 20 मातृशक्तियों को उनके आवास पर जाकर शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मातृशक्ति के संघर्ष, त्याग और समाज निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को सराहा गया। विमला राणा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों और अनेक कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने हमेशा अपनी बेटी को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बेटियों को अवसर और प्रोत्साहन मिले तो वे हर क्षेत्र में देश और समाज का नाम रोशन कर सकती हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर ने कहा कि मातृशक्ति समाज की सबसे बड़ी शक्ति है और उनके योगदान से ही परिवार व समाज मजबूत बनता है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है और ऐसी पहल समाज में सकारात्मक संदेश देती है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अश्वनी बहुगुणा ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान करना हमारी संस्कृति का हिस्सा है। समाज में महिलाओं के त्याग, समर्पण और योगदान को सदैव याद रखा जाना चाहिए।
इस मौके पर सुरेंद्र सिंह रावत, ग्राम प्रधान करण रावत, भरत सोलंकी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



