नवनियुक्त एसएचओ राजेंद्र खोलिया का रानीपोखरी में भव्य स्वागत, कानून के दायरे में रहकर निष्पक्ष कार्य का दिलाया भरोसा।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
रानीपोखरी पुलिस थाना के नवनियुक्त थाना प्रभारी (एसएचओ) राजेंद्र खोलिया के कार्यभार संभालते ही क्षेत्र में उनसे बेहतर कानून-व्यवस्था की उम्मीद जगी है। उनके पदभार ग्रहण करने पर भारतीय जनता पार्टी रानीपोखरी मंडल के कार्यकर्ताओं ने पटका एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर एसएचओ राजेंद्र खोलिया ने कहा कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विश्वास बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि कानून के दायरे में रहकर निष्पक्षता व पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए आमजन के हितों की रक्षा की जाएगी।
भाजपा गढ़वाल मंडल किसान मोर्चा के सहसंयोजक अरुण शर्मा ने एसएचओ के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि पुलिस और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल से ही क्षेत्र में शांति और विकास संभव है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए थाना प्रभारी के नेतृत्व में रानीपोखरी में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
स्वागत करने वालों में प्रमुख रूप से मंडल महामंत्री संदीप भट्ट, पूर्व जेष्ठ प्रमुख नवीन चौधरी, पूर्व मंडल महामंत्री सुभाष भट्ट, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य सुनील यादव, मंडल अध्यक्ष किसान मोर्चा मनोज शर्मा, मंडल अध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा सुमित कुमार, मंडल अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा शंभू श्रेष्ठ तथा मंडल अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा दानिश अंसारी सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, शांति और विकास से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यकर्ताओं ने नए थाना प्रभारी से पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की अपेक्षा जताई।



