सेनानायक श्री अर्पण यदुवंशी द्वारा मासिक सम्मेलन आयोजित, आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर किया गया व्यापक विचार-विमर्श।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
एस डी आर एफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी द्वारा एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय, जॉलीग्रांट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मासिक सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में राज्यभर की समस्त एसडीआरएफ पोस्टों से अधिकारी एवं कार्मिक ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। सम्मेलन के दौरान सेनानायक द्वारा सभी पोस्टों से संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं, सुझावों एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
सम्मेलन के दौरान आगामी चारधाम यात्रा को दृष्टिगत रखते हुए विशेष रूप से तैयारियों की समीक्षा की गई। इस अवसर पर यात्रा मार्गों पर संभावित जोखिमों, आपदा प्रबंधन की रणनीतियों, त्वरित रेस्क्यू व्यवस्था, उपकरणों की उपलब्धता एवं टीमों की तैनाती व जनशक्ति को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। सेनानायक महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी टीमें पूर्ण सतर्कता, समन्वय एवं तत्परता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें, जिससे यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता पर बनी रहे।
सेनानायक द्वारा सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों को अपने स्वास्थ्य के प्रति विशेष रूप से सजग रहने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करते हुए शारीरिक एवं मानसिक रूप से फिट रहना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित आहार, पर्याप्त विश्राम एवं आवश्यक सावधानियों का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में टीम पूर्ण दक्षता के साथ कार्य कर सके।
सम्मेलन में उपसेनानायक श्री शुभांक रतूड़ी, श्री शान्तनु पाराशर, सहायक सेनानायक श्री सुशील रावत, सूबेदार मेजर श्री जयपाल राणा, सब इंस्पेक्टर श्री योगेंद्र भंडारी सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।



