स्वच्छता रसीद काटने पर लोगों की नानुकुर, गलत भाषा से स्वच्छता वाहिनियां परेशान।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर पालिका सभागार बैठक के दौरान नगर पालिका क्षेत्र में घर-घर स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने में जुटी स्वच्छता वाहिनियों को रसीद काटने के दौरान लगातार विरोध और अभद्र व्यवहार का सामना करना पड़ रहा है। स्वच्छता वाहिनी पूनम तोमर और कोमल देवी ने बैठक ने बताया कि कई लोग स्वच्छता शुल्क की रसीद काटने के नाम पर ना-नुकुर करते हैं और कई बार गलत व अपमानजनक भाषा का भी प्रयोग करते हैं, जिससे उन्हें मानसिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
बैठक में स्वच्छता वाहिनियों ने एक स्वर में कहा कि वे नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए ईमानदारी से कार्य कर रही हैं, लेकिन कुछ लोग न केवल सहयोग नहीं कर रहे बल्कि उनके साथ दुर्व्यवहार भी कर रहे हैं। इस तरह का व्यवहार कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहा है और स्वच्छता अभियान की भावना के विपरीत है।
बैठक में यह भी तय किया गया कि जो लोग स्वच्छता वाहिनियों से रसीद नहीं कटवाते हैं और उनके साथ गलत व्यवहार करते हैं, उनके विरुद्ध नगर पालिका में लिखित शिकायत दर्ज कराई जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका प्रशासन ने भी स्वच्छता वाहिनियों को भरोसा दिलाया कि उनके सम्मान और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा तथा स्वच्छता कार्य में सहयोग न करने वालों पर सख्ती बरती जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि वे स्वच्छता वाहिनियों का सम्मान करें और नगर को स्वच्छ रखने में अपना सहयोग दें।



