सरकारी हरियाली पर हमला,भूमाफियों की साजिश उजागर, (तेलीवाला में 20 बीघा भूमि पर लगाए गए पौधों को आग के हवाले किया, भू-माफिया की करतूत से मचा हड़कंप)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर पालिका क्षेत्र के तेलीवाला में सरकारी भूमि को कब्जाने की नीयत से हरियाली को निशाना बनाए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। अराजक तत्वों ने करीब 20 बीघा सरकारी भूमि पर लगाए गए पेड़-पौधों में आग लगा दी, जिससे कई पौधे झुलस गए। यह भूमि लगभग दो वर्ष पूर्व नगर पालिका और अन्य विभागों द्वारा संयुक्त प्रयास से विकसित की गई थी, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ सरकारी संपत्ति को सुरक्षित रखा जा सके, लेकिन भू-माफिया की इस साजिश ने इन प्रयासों को नुकसान पहुंचाया है।
घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड नंबर-15 के सभासद रियासत अली मौके पर पहुंचे और पानी के टैंकर की व्यवस्था कर आग पर काबू पाया। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही यहां दोबारा पौधरोपण कर हरियाली को पुनर्जीवित किया जाएगा।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी एमएल शाह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान घटना की जानकारी मिलते ही वे स्वयं स्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
घटना से आक्रोशित स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सरकारी भूमि की नियमित निगरानी की जाए और ऐसे क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि भविष्य में आगजनी और अतिक्रमण जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



