भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र तड़ियाल का कांग्रेस पर हमला: “झूठ के सहारे भाजपा को बदनाम करने की साजिश” (चम्पावत प्रकरण से फर्जी पत्र तक कांग्रेस का भ्रामक दृष्टिकोण उजागर, जनता देगी चुनाव में जवाब)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र तड़ियाल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि जनता द्वारा नकारे जाने के बाद कांग्रेस हताशा में साजिशों का सहारा ले रही है। शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि चम्पावत की हालिया घटना कांग्रेस के भ्रामक दृष्टिकोण का प्रमाण है।
राजेन्द्र तड़ियाल ने बताया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच में साफ हुआ है कि एक भाजपा कार्यकर्ता को झूठे और फर्जी प्रकरण में फंसाने का प्रयास किया गया। इसके बावजूद कांग्रेस नेताओं ने तथ्यों की अनदेखी कर भाजपा और उसके कार्यकर्ताओं को बदनाम करने का अभियान चलाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर जगह-जगह प्रदर्शन कराए गए, जिसका उद्देश्य भाजपा संगठन और मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र की छवि को नुकसान पहुंचाना था।
उन्होंने कहा कि बीते चार महीनों में यह तीसरी बड़ी घटना है जब कांग्रेस ने नकारात्मक दृष्टिकोण से माहौल खराब करने का प्रयास किया। जनवरी माह में कांग्रेस नेता तिलक राज बेहड़ के पुत्र द्वारा स्वयं पर हमले के मामले में भी बिना तथ्यों के भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा किया गया। हाल में विधायक अरविंद पांडे से जुड़ा फर्जी पत्र वायरल कर कांग्रेस अध्यक्ष ने पत्रकार वार्ता तक कर डाली, जिसे बाद में पांडे ने पूरी तरह झूठा करार दिया।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस नेता अब भी सोशल मीडिया से भ्रामक दृष्टिकोण फैला रहे हैं। इससे पहले भी पावन धामों की छवि खराब करने, फर्जी अपराध रिपोर्ट प्रसारित करने और विकास के गलत आंकड़े प्रस्तुत कर उत्तराखंड की शांत व प्रगतिशील पहचान को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया।
तड़ियाल ने दावा किया कि जनता सब देख रही है और आगामी विधानसभा चुनावों में लोकतांत्रिक तरीके से कांग्रेस के नकारात्मक रवैये का जवाब देगी।



