Blog

डोईवाला डिग्री कॉलेज में M.Sc. एवं M.Com. कक्षाएं शुरू कराने की मांग को लेकर दीप्ती रावत भारद्वाज ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन।

खबर को सुनें

डोईवाला देहरादून (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला क्षेत्र के युवाओं और छात्र-छात्राओं के बेहतर भविष्य को लेकर भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश महामंत्री दीप्ती रावत भारद्वाज ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए डोईवाला डिग्री कॉलेज में M.Sc. एवं M.Com. की कक्षाएं प्रारंभ किए जाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपा।

उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष डोईवाला के विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा से जुड़ी आवश्यकता को प्रमुखता से रखते हुए कहा कि क्षेत्र के अनेक छात्र-छात्राओं को स्नातक के बाद आगे की पढ़ाई के लिए देहरादून अथवा अन्य स्थानों पर जाना पड़ता है। इससे विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर अतिरिक्त समय एवं आर्थिक भार पड़ता है। डोईवाला डिग्री कॉलेज में M.Sc. एवं M.Com. की कक्षाएं प्रारंभ होने से क्षेत्र के बच्चों को अपने घर के नजदीक ही उच्च शिक्षा का अवसर मिल सकेगा।

दीप्ती रावत भारद्वाज द्वारा विद्यार्थियों के हित में रखी गई इस मांग को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए आवश्यक कार्यवाही के लिए सकारात्मक आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री के इस सकारात्मक आश्वासन से डोईवाला क्षेत्र के विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षा जगत में उम्मीद की नई किरण जगी है।

दीप्ती रावत भारद्वाज ने कहा कि डोईवाला केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि हजारों परिवारों और युवाओं के सपनों का क्षेत्र है। यहां के बच्चों को अपने सपनों को पूरा करने के लिए अवसरों की तलाश में दूर न जाना पड़े, इसके लिए शिक्षा के क्षेत्र में सुविधाओं का विस्तार बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं का भविष्य बेहतर बनाना और डोईवाला को शिक्षा सहित हर क्षेत्र में आगे ले जाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि डोईवाला के विकास से जुड़े हर विषय को पूरी मजबूती और प्रतिबद्धता के साथ सरकार के समक्ष रखा जाएगा। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और जनसुविधाओं से जुड़े विषयों पर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और आगे भी क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं एवं आवश्यकताओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा।

उन्होंने कहा, “डोईवाला के हर परिवार का विश्वास और यहां के हर युवा का भविष्य हमारे लिए महत्वपूर्ण है। हमारा प्रयास है कि क्षेत्र का कोई भी बच्चा केवल सुविधाओं के अभाव में अपने सपनों से समझौता न करे।”

M.Sc. एवं M.Com. की कक्षाएं प्रारंभ कराने की यह पहल डोईवाला के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री जी के सकारात्मक आश्वासन से इस दिशा में शीघ्र आवश्यक कार्यवाही होने की उम्मीद मजबूत हुई है। इस मौके पर कई छात्र नेता मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button