Blog

एसडीआरएफ की रेस्क्यू क्षमता से रूबरू हुआ विश्व बैंक प्रतिनिधिमंडल, (पर्वतीय आपदाओं से निपटने की रणनीति और प्रशिक्षण प्रणाली की ली जानकारी)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
विश्व बैंक समूह के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं चीफ नॉलेज ऑफिसर पास्कल डोनोहो ने बुधवार को उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय जौलीग्रांट का भ्रमण किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड की आधुनिक आपदा प्रबंधन व्यवस्था, प्रशिक्षण सुविधाओं और विशेषज्ञ रेस्क्यू क्षमता का जायजा लिया।

प्रतिनिधिमंडल ने एडमिनिस्ट्रेशन ब्लॉक, ट्रेनिंग ब्लॉक, कैनाइन यूनिट और एसडीआरएफ कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर आपदा के दौरान रेस्क्यू टीमों की त्वरित तैनाती, संचार व्यवस्था और कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम की जानकारी ली।

सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी ने उत्तराखंड की भौगोलिक एवं भौगर्भिक परिस्थितियों के कारण सामने आने वाली आपदा चुनौतियों और उनसे निपटने के लिए एसडीआरएफ की विशेषज्ञ क्षमताओं, आधुनिक उपकरणों तथा प्रशिक्षण प्रणाली के बारे में बताया।

प्रतिनिधिमंडल को पर्वतीय क्षेत्रों, नदी घाटियों और भूस्खलन प्रभावित इलाकों में संचालित रेस्क्यू अभियानों की कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया गया। कैनाइन यूनिट के निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षित श्वान दस्ते की भूमिका की जानकारी दी गई।

भ्रमण के समापन पर अर्पण यदुवंशी ने पास्कल डोनोहो को सिलक्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन पर आधारित केस स्टडी बुक भेंट की।

इस अवसर पर शुभांक रतूड़ी, सुशील रावत, संजय उप्रेती, आनंद रावत, प्रमोद रावत, जयपाल राणा सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button