चार साल की पढ़ाई के बाद परिणाम के लिए आंदोलन दुर्भाग्यपूर्ण। कांग्रेस (छात्रों की इंटर्नशिप और भविष्य प्रभावित न होने देने की मांग)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय, हर्रावाला में परीक्षा परिणाम घोषित न होने को लेकर आंदोलनरत छात्रों से परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल एवं कांग्रेसजनों ने मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। सोमवार देर रात पानी की टंकी पर चढ़े छात्रों को सुरक्षित नीचे उतारा गया। उपजिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह के समक्ष कुलपति से दूरभाष पर वार्ता हुई, जिसमें 10 दिन के भीतर परीक्षा परिणाम घोषित करने का आश्वासन दिया गया।
परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि विश्वविद्यालय ने छात्रों को प्रवेश देने के साथ फीस ली और परीक्षाएं कराईं, लेकिन अब परिणाम रोकना अनुचित है। चार साल की पढ़ाई के बाद परिणाम के लिए छात्रों को आंदोलन करना पड़े, यह शिक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता है। उन्होंने कहा कि छात्रों का भविष्य प्रशासनिक लापरवाही की भेंट नहीं चढ़ने दिया जाएगा। परिणाम जल्द जारी होने चाहिए, ताकि इंटर्नशिप प्रभावित न हो। उन्होंने छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष करने और किसी भी तरह का आत्मघाती कदम न उठाने की अपील की।
कांग्रेस प्रदेश महासचिव अश्विनी बहुगुणा ने कहा कि छात्रों को अपने भविष्य के लिए सड़क पर उतरना पड़े, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासन को 10 दिन में परिणाम जारी करने के आश्वासन को समय पर पूरा करना चाहिए।
महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि छात्रों की इंटर्नशिप और आगे की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। समय पर परिणाम जारी नहीं हुए तो कांग्रेस आंदोलन को मजबूती से आगे बढ़ाएगी।
इस अवसर पर ओम प्रकाश सती, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष प्रकाश नेगी, कांग्रेस पंचायत संगठन जिलाध्यक्ष राहुल खरोला, आयुष गुप्ता सहित कांग्रेसजन मौजूद रहे।



