ईद मिलाद-उन-नबी पर निकला शानदार जुलूस, अमन और भाईचारे का दिया पैगाम, (न्यामवाला मस्जिद से शुरू हुआ जुलूस, विभिन्न बाजारों से गुजरते हुए वापस मस्जिद पहुंचकर हुआ संपन्न)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
ईद मिलाद-उन-नबी के मुबारक मौके पर बुधवार को न्यामवाला क्षेत्र में मुस्लिम समाज की ओर से शानदार जुलूस-ए-मुहम्मदी निकाला गया। जुलूस में बड़ी तादाद में लोगों ने शिरकत कर पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की तालीमात को याद किया। इस दौरान अमन, मोहब्बत, भाईचारे और आपसी सौहार्द का पैगाम दिया गया।
जुलूस का आगाज न्यामवाला मस्जिद से हुआ। इसके बाद जुलूस घिसरपड़ी, मिल बाजार, प्रेमनगर बाजार और कुड़कावाला से गुजरता हुआ वापस न्यामवाला मस्जिद पहुंचा, जुलूस के रास्ते में कई जगह स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। लोगों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं को अपनाने और समाज में भाईचारा मजबूत करने का संदेश दिया।
मस्जिद के इमाम रियासत अली ने कहा कि ईद मिलाद-उन-नबी हमें पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की इंसानियत, मोहब्बत, रहमदिली और भाईचारे की तालीम पर अमल करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि समाज में अमन और आपसी सौहार्द कायम रखना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि ईद मिलाद-उन-नबी जैसे त्योहार आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी से मिल-जुलकर रहने, एक-दूसरे का एहतराम करने और क्षेत्र की तरक्की में सहयोग देने की अपील की।
जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मी भी तैनात रहे।
इस दौरान मौलाना मुस्तकीन, सभासद रियासत अली, नदीम अंसारी, जाकिर हुसैन,आफताब अली, आदिल हुसैन,अकरम अली, साकिर हुसैन, अब्दुल कादिर,रहमान भुट्टो आदि अलावा सैकड़ों मुस्लिम समाज के लोग मौजूद रहे।



