Blog

40 रक्तवीरों ने रक्तदान कर किया महादान, बचाएंगे कई जिंदगियां। (हिमालयन हॉस्पिटल के तत्वावधान में लगा शिविर, रक्तवीरों ने दिया मानवता की सेवा का संदेश)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर पालिका के सभासद प्रदीप नेगी के नेतृत्व में हिमालयन हॉस्पिटल के तत्वावधान में रक्तदान शिविर भानियावाला एक वेडिंग पॉइंट में आयोजित किया गया। शिविर में 40 रक्तवीरों ने रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया। रक्तदाताओं ने उत्साह के साथ शिविर में पहुंचकर जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान किया।

इस अवसर पर डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा सेवा कार्य है। एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए समाज के अन्य लोगों से भी रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।

प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कहा कि रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना जरूरी है। युवाओं को ऐसे सामाजिक और सेवाभावी कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों का आभार जताया।

सभासद प्रदीप नेगी ने कहा कि रक्तदान जरूरतमंदों की मदद के साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का भी माध्यम है। उन्होंने शिविर में सहयोग करने वाले सभी लोगों और हिमालयन हॉस्पिटल की टीम का आभार व्यक्त किया।

इस दौरान राजेंद्र तडियाल, विनय कंडवाल, गुरजीत सिंह लाडी शमशेर पुंडीर, संपूर्ण रावत, सुखदेव चौहान, गणेश उनियाल, सभासद संदीप नेगी, हिमांशु राणा, मनीष यादव, गुड्डू मिश्रा, प्रकाश कोठारी, आदर्श, जसविंदर सिंह डाली, अंकित काला आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button