खेलकूद प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम। (600 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, दूसरे दिन वॉलीबॉल और पिट्ठू के मुकाबले हुए)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग डोईवाला के तत्वावधान में आयोजित विधानसभा स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में करीब 600 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। दूसरे दिन के आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी उपस्थित रहे।
अंडर-14 बालक वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में बोहरा टीम माजरीग्रांट ने प्रथम, रेडियंट स्कूल ने द्वितीय और घमंडपुर की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी वर्ग की पिट्ठू प्रतियोगिता में रेडियंट स्कूल (अ) ने प्रथम, रेडियंट पब्लिक स्कूल (सी) डोईवाला ने द्वितीय और कोठारी मोहल्ला की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
अंडर-19 बालिका वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में दशमेश क्लब ने प्रथम, माजरीग्रांट ने द्वितीय तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रानीपोखरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पिट्ठू प्रतियोगिता में उन्नति भनियावाला की टीम प्रथम, बड़ोवाला की टीम द्वितीय और कोटी भनियावाला की टीम तृतीय स्थान पर रही।
मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिभाओं की कमी नहीं है। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और उनमें अनुशासन व टीम भावना विकसित होती है।
युवा कल्याण अधिकारी संदीप वर्मा ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण और क्षेत्रीय स्तर के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की भागीदारी उत्साहजनक है। विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक युवा खेल गतिविधियों से जुड़कर अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाएं।
दौरान स्कूल प्रधानाचार्य ज्योत्सना रावत, शीशराम बलोदी, राजेंद्र सजवान आदि शिक्षक मौजूद रहे।



