Blog

नवरात्र के पहले दिन बाजार में उमड़ी भीड़, पूजा सामग्री की खरीदारी। (पितृपक्ष के बाद सुबह से बाजार पहुंचे लोग, मंदिरों को भी आकर्षक ढंग से सजाया)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को डोईवाला बाजार में सुबह से ही चहल-पहल रही। नवरात्र की पूजा और घट स्थापना के लिए श्रद्धालुओं ने फल-फूल, नारियल, चुनरी, धूप-बत्ती, कलश और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी की। बाजार में दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही से रौनक बनी रही।

पितृपक्ष के दौरान कई लोग पूजा-पाठ से जुड़ी सामग्री की खरीदारी करने से परहेज करते हैं। ऐसे में नवरात्र शुरू होते ही लोग सुबह बाजार पहुंच गए। श्रद्धालुओं ने अपनी जरूरत के अनुसार पूजा सामग्री के साथ फल-फूल भी खरीदे। फल और बर्तनों की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।

नवरात्र को लेकर क्षेत्र के मंदिरों को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया है। शक्ति भवन मंदिर देहरादून रोड,अग्रवाल धर्मशाला स्थित श्री मनोकामना सिद्ध पीठ मंदिर, प्रेमनगर बाजार स्थित शिव मंदिर, लच्छीवाला स्थित लच्छेश्वर मंदिर और कुड़कावाला स्थित लोधेश्वर मंदिर सहित अन्य मंदिरों में सजावट की गई है। नवरात्र के पहले दिन मंदिरों में पूजा-अर्चना को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह दिखाई दिया।

नगर चौक फल विक्रेता रवि पांचाल ने बताया कि नवरात्र शुरू होने के साथ ही फल खरीदने के लिए लोग बाजार पहुंच रहे हैं। पूजा के लिए विभिन्न प्रकार के फल खरीदे जा रहे हैं। सुबह से ग्राहकों की आवाजाही बनी हुई है।

मिल रोड बर्तन विक्रेता नितिन सिंघल ने बताया कि नवरात्र के पहले दिन पूजा में इस्तेमाल होने वाले कलश और अन्य बर्तनों की खरीदारी के लिए लोग पहुंच रहे हैं। त्योहार के चलते बाजार में चहल-पहल बढ़ी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button