Blog

सेवा, स्वच्छता और मुस्कान के साथ जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर यात्री सेवा अभियान संपन्न। (यात्री सुविधाओं में सुधार पर जोर, उत्कृष्ट सेवाभाव के लिए कर्मचारी सम्मानित)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा)
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर 17 सितंबर से 10 अक्टूबर तक आयोजित यात्री सेवा अभियान 2026 का शनिवार को समापन हो गया। अभियान के तहत यात्री सुविधाओं में सुधार, स्वच्छता, सुरक्षा, सुगम्यता और बेहतर सेवाओं को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

अभियान के दौरान बैठने की व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग, सामान सेवाओं और कतार प्रबंधन सहित विभिन्न सुविधाओं की समीक्षा की गई। डिजीयात्रा और क्यूआर कोड आधारित डिजिटल सेवाओं को प्रोत्साहित करने के साथ दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों की सुविधाओं पर भी ध्यान दिया गया। महिला यात्रियों के लिए सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें स्थापित की गईं।

सामुदायिक सहभागिता के तहत राजकीय बालिका निकेतन और राजकीय शिशु सदन के 30 से अधिक विद्यार्थियों के लिए स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम, चित्रकला प्रतियोगिता और एयरपोर्ट भ्रमण आयोजित किया गया। इसके अलावा यात्रियों की शिकायतों के निस्तारण, कर्मचारियों के व्यवहार-कौशल प्रशिक्षण, आपातकालीन तैयारियों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां भी संचालित की गईं।

एयरपोर्ट के कार्यवाहक निदेशक नितिन कुमार कादियान ने यात्री सुविधाओं और उत्कृष्ट सेवाओं के उच्च मानकों को बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। समापन समारोह में अभियान की उपलब्धियों की समीक्षा की गई और बेहतर सेवाभाव एवं यात्री सुविधा के प्रति समर्पण दिखाने वाले कर्मचारियों तथा हितधारकों को सम्मानित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button