पितृपक्ष समाप्त होते ही बाजारों में लौटी रौनक। (शारदीय नवरात्र को लेकर पूजा सामग्री, नारियल, चुनरी और व्रत के सामान की बढ़ी मांग)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
पितृपक्ष समाप्त होते ही डोईवाला के बाजारों में रौनक लौट आई है। नौ दिनों तक चलने वाले शारदीय नवरात्र को लेकर शनिवार को रेलवे रोड, मिल रोड, ऋषिकेश रोड,देहरादून रोड और आसपास के क्षेत्र में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। दोपहर से देर तक बाजारों में चहल-पहल रही। नारियल, चुनरी, पूजा सामग्री, मिट्टी के बर्तनों और व्रत में इस्तेमाल होने वाले सामान की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी।
रेलवे रोड के दुकानदार विक्रांत जिंदल ने बताया कि पितृपक्ष समाप्त होने के बाद बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है। नवरात्र को लेकर लोग पूजा सामग्री खरीदने पहुंचे,त्योहारों के चलते बाजार में रौनक बढ़ने से व्यापारियों को अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
ऋषिकेश रोड के दुकानदार अनिल महावर ने बताया कि नवरात्र के चलते बाजार में खरीदारी बढ़ने लगी है। पूजा सामग्री और त्योहारों से जुड़ी वस्तुओं की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बनी हुई है।
रेलवे रोड के किराना व्यापारी प्रशांत गुप्ता ने बताया कि नवरात्र को लेकर कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा, साबूदाना और अन्य व्रत सामग्री की मांग बढ़ने लगी है। श्रद्धालु व्रत की तैयारियों के लिए जरूरी सामान खरीद रहे हैं।
श्री मनोकामना सिद्ध पीठ मंदिर, अग्रवाल धर्मशाला के पंडित रमेश डंडरियाल ने बताया कि शारदीय नवरात्र में श्रद्धालु नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना करते हैं। इस दौरान श्रद्धालु व्रत रखकर सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हैं।



