जरूरतमंद मरीज की मदद को आगे आए अधिवक्ता मेहताब आलम, एसडीपी दान कर बचाई उम्मीद। (सात-आठ रक्तदाताओं के उपयुक्त नहीं पाए जाने के बाद बने उपयुक्त दाता, एक मदद ब्लड ग्रुप समिति ने जताया आभार)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
जरूरतमंद मरीज की मदद के लिए अधिवक्ता मेहताब आलम ने मानवता की मिसाल पेश की। एक मदद ब्लड ग्रुप समिति के रक्तवीर मेहताब आलम ने हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में भर्ती महेश्वरी के लिए एसडीपी (प्लेटलेट्स) दान किया। मरीज को एसडीपी की आवश्यकता थी, लेकिन सात से आठ रक्तदाता उपयुक्त नहीं पाए गए। इसके बाद मेहताब आलम उपयुक्त दाता के रूप में सामने आए और बिना देर किए अस्पताल पहुंचकर एसडीपी दान किया।
इस दौरान समिति के अध्यक्ष अधिवक्ता साकिर हुसैन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह मेहताब आलम को अपने साथ अस्पताल लेकर पहुंचे और एसडीपी दान की प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग किया।
समिति अध्यक्ष साकिर हुसैन ने कहा कि महेश्वरी को एसडीपी की तत्काल आवश्यकता थी। कई रक्तदाता उपयुक्त नहीं पाए गए, लेकिन मेहताब आलम ने आगे आकर मरीज की मदद की। उनका यह कार्य मानवता और समाजसेवा की सच्ची मिसाल है। समिति ने मेहताब आलम का आभार जताते हुए लोगों से जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए रक्तदान और प्लेटलेट्स दान करने की अपील की।


