रामलीला की परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाएगी डॉ. ममता कुंवर की पुस्तक। (मुख्यमंत्री धामी ने किया ‘श्रीरामलीला’ का विमोचन)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को दून मे मुख्यमंत्री आवास में साहित्यकार एवं स्पर्श हिमालयीय, माजरी की प्रोफेसर डॉ. ममता कुंवर की शोधपरक पुस्तक ‘श्रीरामलीला : संस्कार, त्याग और मर्यादा की अद्भुत गाथा’ का विमोचन किया। पुस्तक में गढ़वाल की पारंपरिक रामलीलाओं की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की पहल की गई है।
पुस्तक में पर्वतीय क्षेत्रों की रामलीलाओं में प्रचलित चौपाइयों, रागनियों, छंदों और दोहों को मंचन क्रम के अनुसार संकलित किया गया है। यह सामग्री कलाकारों, आयोजन समितियों और शोधार्थियों के लिए उपयोगी होगी। पुस्तक के माध्यम से गढ़वाल की विशिष्ट गायन शैली और लोकनाट्य परंपरा को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, राजेश कुंवर, रणजीत गुसाईं, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अजय सेमवाल, नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, पुरुषोत्तम डोभाल और संजय चमोली उपस्थित रहे।



