एचआईएचटी में भव्यता के साथ मनाया गया डॉ. स्वामी राम का 31 वां महासमाधि दिवस। (पहाड़’ फाउंडेशन, नैनीताल को स्वामी राम मानवता पुरस्कार-2026) (10 लाख रुपए, प्रशस्ति पत्र एवं गोल्ड मेडल से किया गया सम्मानित) (संस्थान के 37 कर्मचारियों को ‘उत्कृष्ट कर्मचारी पुरस्कार’ से नवाजा) (हजारों लोगों ने भंडारे में ग्रहण किया प्रसाद, निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. कैलाशानंद गिरी रहे मुख्य अतिथि)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
हिमालयन इंस्टीट्यूट हॉस्पिटल ट्रस्ट (एचआईएचटी) के संस्थापक ब्रह्मलीन डॉ. स्वामी राम का 31 वां महासमाधि दिवस स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू), जौलीग्रांट परिसर में श्रद्धा एवं भव्यता के साथ मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. कैलाशानंद गिरी ने डॉ. स्वामी राम को नमन करते हुए कहा कि वह विश्व की धरोहर हैं और मानवता की सेवा उनके जीवन का मूल उद्देश्य रही।

एचआईएचटी की अध्यक्षीय समिति के सदस्य एवं स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माणा ने संस्थापक डॉ. स्वामी राम से जुड़े संस्मरण साझा किए तथा एचआईएचटी की गौरवमयी यात्रा और सेवा कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ. स्वामी राम की विचारधारा ‘योगः कर्मसु कौशलम्’ और मानव सेवा के आदर्शों से प्रेरित होकर एचआईएचटी शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है।
समारोह में संस्थान से जुड़े 37 कर्मचारियों को ‘उत्कृष्ट कर्मचारी पुरस्कार-2026’ से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एचआईएचटी के वार्षिक कैलेंडर-2027 का विमोचन भी किया गया। समारोह के अंत में डॉ. विजेंद्र चौहान ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके बाद आयोजित भंडारे में हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर पूर्व कुलाधिपति तान श्री दतुक डॉ. मोहन स्वामी, विक्रम सिंह, कुलपति डॉ. प्रसाद वाडेगावकर, डॉ. प्रकाश केशवया, डॉ. सुनील सैनी, डॉ. रेनू धस्माणा सहित संस्थान के अधिकारी, शिक्षक, चिकित्सक, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन गरिमा कपूर ने किया।
स्वामी राम सेंटर में अर्पित की श्रद्धांजलि।
मुख्य अतिथि निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. कैलाशानंद गिरी ने स्वामी राम सेंटर पहुंचकर ट्रस्ट के संस्थापक ब्रह्मलीन डॉ. स्वामी राम को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके जीवन एवं योगदान को नमन किया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्वामी राम सेंटर में स्वामी राम के जीवन दर्शन एवं सेवा कार्यों से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
‘पहाड़’ फाउंडेशन नैनीताल को स्वामी राम मानवता पुरस्कार-2026।
वर्ष 2003 से हिमालयन इंस्टिट्यूट हॉस्पिटल ट्रस्ट (एचआईएचटी) देशभर में आर्थिक, पर्यावरण, विज्ञान संबंधी, सामाजिक व आध्यात्मिक क्षेत्र में समाज के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाली किसी एक प्रतिष्ठित संस्था अथवा व्यक्ति को स्वामी राम मानवता पुरस्कार प्रदान कर रहा है। यह सम्मान स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष परम पूज्य स्वामी राम जी की मानव सेवा की भावना को समर्पित है।
स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू) के अध्यक्ष डॉ.विजय धस्माणा ने बताया कि इस वर्ष स्वामी राम मानवता पुरस्कार-2026 सामाजिक कार्यों को समर्पित संस्था ‘पहाड़” फाउंडेशन, नैनीताल को प्रदान किया गया। पुरस्कार के रुप में संस्था को 10 लाख रुपए, प्रशस्ति पत्र और गोल्ड मेडल प्रदान किया गया।
पहाड़ फाउंडेशन की ओर से प्रो.गिरिजा पांडे व डॉ.पूरण बिष्ट ने यह पुरस्कार ग्रहण किया।
‘पहाड़’: 1982 से हिमालय के प्रति समर्पित स्वतंत्र पहल।
वर्ष 1982 से सक्रिय ‘पहाड़’ हिमालय के प्रति बौद्धिक, भावनात्मक और शोधपरक जुड़ाव से प्रेरित एक स्वतंत्र, स्वैच्छिक एवं सामूहिक पहल है। उत्तराखंड की सांस्कृतिक-सामाजिक परंपराओं और चिपको आंदोलन की चेतना से प्रेरित होकर यह संस्था हिमालयी समाज, प्रकृति, पर्यावरण और संस्कृति को वैज्ञानिक एवं बहुविषयक दृष्टिकोण से समझने का कार्य करती है।
संस्था की प्रमुख पहचान इसकी द्विवार्षिक बहुविषयक पत्रिका ‘पहाड़’ है, जिसके 20 से अधिक अंक प्रकाशित हो चुके हैं। संस्था पुस्तकों, पोस्टरों और मानचित्रों के माध्यम से हिमालयी ज्ञान, इतिहास, लोकसंस्कृति और पर्यावरणीय मुद्दों को व्यापक पाठक वर्ग तक पहुँचाती है।
चिपको आंदोलन की चेतना को आगे बढ़ाते हुए ‘पहाड़’ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, स्थानीय ज्ञान और पर्वतीय समुदायों के अनुभवों को केंद्र में रखता है तथा विभिन्न सामाजिक एवं पर्यावरणीय आंदोलनों में सहयोग करता रहा है।
‘पहाड़’ संस्था की विशिष्ट पहचान इसकी आर्थिक एवं वैचारिक स्वतंत्रता है। यह व्यक्तिगत योगदान, सामुदायिक सहयोग और प्रकाशनों की बिक्री के माध्यम से अपने कार्य संचालित करता है। चार दशकों से अधिक की यात्रा में सैकड़ों कार्यक्रमों के माध्यम से ‘पहाड़’ स्वतंत्र चिंतन, शोध, रचनात्मकता और हिमालय के प्रति सामाजिक उत्तरदायित्व का एक विशिष्ट मंच बन चुका है।
हिम्स जौलीग्रांट में अत्याधुनिक डायबिटीज फुट लैब का शुभारंभ।
गुरुदेव डॉ. स्वामी राम के महासमाधि दिवस के अवसर पर हिम्स जौलीग्रांट में अत्याधुनिक डायबिटीज फुट लैब का शुभारंभ एसआरएचयू के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माणा ने किया।
इस अवसर पर डॉ. धस्माणा ने कहा कि मधुमेह के कारण पैरों की नसों और रक्त संचार पर असर पड़ सकता है। समय पर जांच और उपचार से गंभीर जटिलताओं को रोका जा सकता है।
सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. हेमंत नौटियाल ने बताया कि लैब में पैरों की संवेदनशीलता, नसों की कार्यक्षमता और रक्त संचार की जांच की जाएगी। इससे डायबिटिक फुट, घाव और संक्रमण के जोखिम की शुरुआती पहचान संभव होगी। उन्होंने बताया कि विश्व डायबिटीज दिवस पर 14 नवंबर (शनिवार) को डायबिटीज फुट संबंधी जांच निशुल्क की जाएगी।
एसआरएचयू के ‘उत्कृष्ट कर्मचारी पुरस्कार’-2026।
टीचर ऑफ दी ईयर-* डॉ. सनोबर वसीम।
रीसर्चर ऑफ दी ईयर-* डॉ. विजय कुमार।
क्लीनिशियन अवॉर्ड-* डॉ. प्रिया रामाकृष्णन, डॉ. मोहम्मद अकरम।
एडमिनिस्ट्रेटीव अवॉर्ड-* डॉ. मुकेश बिजल्वाण, मुकेश ममगांई, चन्द्र भूषण।
नर्सिंग स्टाफ अवॉर्ड- प्रेरणा राशि जॉन, पवन कुमार जैन, रोशन लाल, किरन ठाकुर, नगमा मैसी
*एलाइड एंड हैल्थकेयर अवॉर्ड-* पंकज कुमार, अजय कुमार सक्सेना, वर्षा, पंचम सिंह रावत, धनवीर सिंह तोपवाल, प्रमोद डिमरी।
ऑफिस स्टाफ अवॉर्ड- विकेश प्रसाद, दिनेश रावत, बीर सिंह मनवाल, पायल गौर, मुकुल कुमार, पवन कुमार गुप्ता, गिरवीर सिंह
सपोर्टिंग स्टाफ अवॉर्ड- प्रतीक देवरानी, सतेन्द्र सिंह रावत, राजेश कृषाली, सतीश भट्ट, दिनेश चंद मनवाल, तेग सिंह, राकेश नौगांई, वीरेन्द्र कोहली, नरेन्द्र सोलंकी, भगवान सिंह राणा,
क्लीन एंड ग्रीन सर्विस अवार्ड- लक्ष्मी देवी, शांति।
कार्यक्रम में बयान।
-“गुरूदेव डॉ. स्वामी राम के नाम से यह सम्मान पाना हमारे लिए अत्यंत गौरव और प्रेरणा का विषय है। यह केवल ‘पहाड़’ के चार दशकों से अधिक के कार्यों का सम्मान नहीं, बल्कि उन सभी सहयोगियों, शोधकर्ताओं, लेखकों और स्वयंसेवकों के सामूहिक प्रयासों का सम्मान है, जिन्होंने हिमालय, प्रकृति, समाज और संस्कृति के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को निरंतर मजबूत किया है। स्वामी राम जी के आदर्श हमें स्वतंत्र चिंतन, करुणा, निष्ठा और निस्वार्थ सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे।” _ _*- प्रो. गिरिजा पांडे, ट्रस्टी एवं सदस्य संपदकीय बोर्ड, पहाड़ फाउंडेशन*_
“परम श्रद्धेय गुरुदेव डॉ. स्वामी राम जी का जीवन अध्यात्म, शिक्षा, स्वास्थ्य और मानव सेवा का अद्भुत संगम रहा है। उन्होंने भारतीय आध्यात्मिक परंपरा और आधुनिक शिक्षा एवं चिकित्सा के माध्यम से मानव कल्याण को नई दिशा दी। उनका जीवन हमें यह संदेश देता है कि सच्ची साधना वही है, जो मानवता की सेवा से जुड़ी हो। आज उनके आदर्शों और सेवा-भावना को स्मरण करते हुए समाज में करुणा, संस्कार और निस्वार्थ सेवा की भावना को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।” _– निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. कैलाशानंद गिरी_
‘गुरुदेव डॉ. स्वामी राम जी की विचारधारा ‘योगः कर्मसु कौशलम्’ और मानव सेवा के उनके आदर्शों से प्रेरित होकर एचआईएचटी आज शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। उनका जीवन हमें सेवा, समर्पण और कर्म के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है। महासमाधि दिवस उनके महान व्यक्तित्व एवं आदर्शों को स्मरण करने के साथ-साथ मानव कल्याण और समाज सेवा के संकल्प को और अधिक दृढ़ करने का अवसर है।” _-डॉ.विजय धस्माणा, अध्यक्ष, एसआरएचयू_



