Blog

रामलीला हमारी संस्कृति और संस्कारों का प्रतीक। राहुल मनवाल (बड़ासी में आठवें रामलीला महोत्सव का आगाज, श्रवण कुमार की मार्मिक लीला ने दर्शकों की आंखें की नम)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
श्री आदर्श रामलीला समिति बड़ासी ग्रांट की ओर से आयोजित आठवें रामलीला महोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि बड़ासी ग्रांट के प्रधान राहुल मनवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और संस्कारों को जीवंत रखने का माध्यम है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें मर्यादा, त्याग, कर्तव्य और भाईचारे की सीख देता है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ती है।

पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष प्रभु लाल बहुगुणा ने कहा कि रामलीला हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे समाज में मर्यादा, संस्कार और आदर्शों का संदेश पहुंचता है।

रामलीला के पहले दिन श्रवण कुमार की मार्मिक लीला का मंचन आकर्षण का केंद्र रहा। माता-पिता को कांवड़ में तीर्थयात्रा कराने निकले श्रवण कुमार को राजा दशरथ ने अनजाने में शब्दभेदी बाण मार दिया। इसके बाद पुत्र की मृत्यु का समाचार सुनकर उनके वृद्ध माता-पिता के करुण विलाप के दृश्य ने दर्शकों को भावुक कर दिया। इसके बाद कैलाश लीला, राम जन्म, विश्वामित्र यज्ञ भंग, ताड़का वध और अहिल्या उद्धार के प्रसंगों का मंचन किया गया। कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय से पौराणिक प्रसंगों को मंच पर जीवंत कर दिया।

इस दौरान पंडित विनोद कोठियाल,पूर्व प्रधान नितिन रावत, दयाल सोलंकी, पूर्व प्रधान पदम रावत, समिति अध्यक्ष दिनेश चुनारा, रेनू चुनारा, नरेश, अभिषेक, विकास, अंजू, सर्वेश,धीरेंद्र, सोहन आदि ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button