Blog

नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ छठ महापर्व, बाजारों में बढ़ी रौनक। (चार दिनों तक सूर्य देव की उपासना करेंगे पूर्वांचल के लोग, पालिका ने घाटों को सजाने-संवारने का काम शुरू किया)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
पूर्वांचल के लोगों का चार दिवसीय प्रमुख लोकपर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। पर्व को लेकर नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। छठ महापर्व में सूर्य देव और छठी मैया की उपासना कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की जाती है।

पर्व के पहले दिन व्रतियों ने स्नान कर घरों में साफ-सफाई की और शुद्ध सात्विक भोजन ग्रहण कर अनुष्ठान की शुरुआत की। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में दूसरे दिन खरना किया जाएगा। इसके बाद व्रती निर्जला उपवास रखकर तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य और चौथे दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। सूर्य देव को जीवन, ऊर्जा और प्रकृति का आधार मानकर उनकी आराधना की जाती है।

छठ पर्व को लेकर बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। लोगों ने पूजा की तैयारियों के लिए बांस की टोकरियां, सूप, दौरा, नारियल, फल और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी की। दुकानों पर छठ पूजा से संबंधित सामान खरीदने के लिए लोगों की आवाजाही बनी रही।

उधर, पर्व के मद्देनजर नगर पालिका की ओर से छठ पूजा घाटों को सजाने-संवारने और साफ-सफाई का कार्य कराया जा रहा है। नगर पालिका के मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने बताया कि छठ पर्व को देखते हुए घाटों पर साफ-सफाई कराई जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं, ताकि पूजा के दौरान किसी को परेशानी न हो।

पूर्वांचल के लोगों के लिए छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और लोक संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button