रजिस्ट्री के अभाव में सरकारी सुविधाओं से वंचित हो रहे किसान। (ग्राम प्रधान सुषमा बोरा ने उपजिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, समस्या के समाधान की मांग)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
ग्राम पंचायत सिमलास ग्रांट की ग्राम प्रधान सुषमा बोरा ने किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनाने में आ रही दिक्कतों को लेकर उपजिलाधिकारी डोईवाला को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग की ओर से किसानों के फार्मर रजिस्ट्री पहचान पत्र और हिस्सा प्रमाण पत्र बनाए जा रहे हैं, लेकिन कई किसानों की फार्मर रजिस्ट्री अब तक नहीं बन पाई है।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से संयुक्त खाता धारक किसानों को रजिस्ट्री बनाने में परेशानी हो रही है। इसके चलते उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। खाद, बीज और बैंक सहित अन्य संस्थाओं से सुविधाएं प्राप्त करने के लिए भी फार्मर रजिस्ट्री आवश्यक दस्तावेज मानी जा रही है।
ग्राम प्रधान सुषमा बोरा ने कहा कि रजिस्ट्री नहीं बनने के कारण अनेक किसान सरकारी सुविधाओं से वंचित हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि संयुक्त खाता धारक किसानों की समस्या का समाधान कर सभी पात्र किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनाने की व्यवस्था की जाए, ताकि किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।



