इगास बग्वाल में दिखी उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक, भैलो खेल का आयोजन। (थानो में धूमधाम से मनाया गया लोकपर्व, पूनम सती और ओम बधानी के लोकगीतों पर झूमे ग्रामीण)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला के थानो स्थित इगास कार्यक्रम इंटर कॉलेज में उत्तराखंड का लोकपर्व इगास बग्वाल धूमधाम से मनाई गया,कार्यक्रम में लोक गायिका पूनम सती और लोक गायक ओम बधानी ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। उनके लोकगीतों पर दर्शक जमकर झूमे। इस दौरान पारंपरिक भैलो खेल का भी आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्र पंचायत सदस्य अमित कुकरेती ने की।
पूर्व केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि इगास उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का काम करते हैं। हमें अपनी लोक परंपराओं को संजोकर अगली पीढ़ी तक पहुंचाना चाहिए।
डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति हमारी पहचान है। इगास जैसे पर्व सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण संस्कृति को बढ़ावा मिलता है।
दर्जाधारी धीरेंद्र सिंह पवार ने कहा कि इगास बग्वाल उत्तराखंड की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान है। हमें अपने पारंपरिक त्योहारों को पूरे उत्साह के साथ मनाना चाहिए, ताकि हमारी लोक विरासत आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित रह सके।
लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों और पारंपरिक भैलो खेल ने कार्यक्रम को और आकर्षक बना दिया। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष रुचि भट्ट, संपूर्ण रावत,ताजेंद्र सिंह , भावना बोहरा, भरत मनचंदा, विकास रावत के अलावा जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



