रामलीला में दिखी भक्ति और शक्ति, लंका दहन पर लगे जय श्रीराम के जयकारे। (राम-शबरी मिलन और हनुमान के लंका दहन का हुआ शानदार मंचन)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नवयुवक रामलीला कमेटी जौलीग्रांट की ओर से आयोजित रामलीला के सातवें दिन भक्ति और पराक्रम के प्रसंगों का शानदार मंचन किया गया। भगवान राम और शबरी के मिलन ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया, वहीं हनुमान जी के लंका दहन के दौरान पूरा पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं प्रसिद्ध आभूषण व्यापारी राकेश गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि रामलीला हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत है। भगवान राम का जीवन प्रेम, समर्पण और मर्यादा की सीख देता है।
मंचन में दिखाया गया कि वर्षों से भगवान राम की प्रतीक्षा कर रही शबरी ने उन्हें प्रेमपूर्वक बेर अर्पित किए। इसके बाद हनुमान जी समुद्र पार कर लंका पहुंचे और अशोक वाटिका में माता सीता से भेंट कर उन्हें भगवान राम की मुद्रिका सौंपी। मेघनाथ द्वारा बंदी बनाए जाने और रावण के आदेश पर पूंछ में आग लगाए जाने के बाद हनुमान जी ने सोने की लंका जला दी। इस रोमांचक दृश्य पर दर्शकों ने जमकर जयकारे लगाए।
राम का पात्र मनोज धीमान, लक्ष्मण का नरेश भारती और माता सीता का गंगा डोगरा ने निभाया।
इस दौरान समिति अध्यक्ष अरुण शर्मा, संरक्षक मनोज नौटियाल, केसर सिंह, अशोक धीमान, संदीप कांचा, हितेंद्र सैनी, शेर सिंह चौधरी, दीपक आर्य, प्रवीण सैनी, सुरेश कोहली, संदीप कोहली और भीम छेत्री सहित ग्रामीण मौजूद रहे।



