खनिज भंडारणों में मिली गड़बड़ी, विभाग ने निलंबित किया ई-रवन्ना पोर्टल। (लालतप्पड़ और रेशम माजरी के दो भंडारणों में पाई गई अनियमितता, जांच के बाद की गई कार्रवाई)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
जिले में अवैध खनन, खनिजों के परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए खनन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। शिकायतों के आधार पर की गई जांच में लालतप्पड़ और रेशम माजरी स्थित दो उपखनिज भंडारणों में अनियमितताएं सामने आई हैं। विभाग ने दोनों भंडारणों के ई-रवन्ना पोर्टल को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है।
जिला अधिकारी के सख्त निर्देशों के क्रम में जिला खान अधिकारी के निर्देश पर सहायक खनिज पर्यवेक्षक पंकज चंद ने शिकायत वाले स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों भंडारणों में अनियमितताएं मिलने पर तत्काल कार्रवाई की गई। विभाग की ओर से मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है।
जिला खान अधिकारी के नेतृत्व में भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग की ओर से जिलेभर में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर निगरानी रखी जा रही है। विभाग का कहना है कि खनन संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।



