Blog

गन्ना मूल्य घोषित करने समेत किसानों की समस्याओं को लेकर रातभर चला धरना। (एक सप्ताह में गन्ने का मूल्य घोषित नहीं हुआ तो शुगर मिल गेट पर आमरण अनशन करेंगे किसान)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
गन्ने का मूल्य 700 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने, खाद-बीज की उपलब्धता में राहत देने और जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत का तहसील परिसर में रातभर धरना-प्रदर्शन चला। शुक्रवार को किसानों ने तहसीलदार विरम सिंह और वन विभाग के एसडीओ उदयनंद गौड़ को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की। धरने के दौरान किसानों ने वन विभाग के एसडीओ को करीब एक घंटे तक अपने बीच बैठाए रखा और जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान पर जवाब मांगा। कांग्रेस नेताओं ने भी धरनास्थल पर पहुंचकर किसानों के आंदोलन को समर्थन दिया।

भाकियू टिकैत के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह खालसा ने कहा कि किसान लगातार बढ़ती लागत और जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान से परेशान हैं। सरकार किसानों की समस्याओं पर गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शासन ने एक सप्ताह के भीतर गन्ने का मूल्य घोषित नहीं किया तो किसान शुगर मिल गेट पर आमरण अनशन शुरू करेंगे।

गन्ना समिति के उपाध्यक्ष हरभजन सिंह ने कहा कि जंगली जानवर चारों तरफ किसानों की मेहनत की कमाई पर पानी फेर रहे हैं, लेकिन अधिकारी समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। किसान अपनी फसल बचाने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। सरकार को किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए गन्ने का मूल्य जल्द घोषित करना चाहिए। कांग्रेस किसानों की जायज मांगों के समर्थन में उनके साथ खड़ी है।

कांग्रेस प्रदेश महासचिव अश्वनी बहुगुणा ने कहा कि खाद-बीज की किल्लत और जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सरकार को किसानों को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

वन विभाग के एसडीओ उदयनंद गौड़ ने कहा कि जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। विद्युत फेंसिंग, खाई खोदने और बायो फेंसिंग लगाने का कार्य भी जगह-जगह किया जा रहा है, ताकि किसानों की फसलों को नुकसान से बचाया जा सके।

इस दौरान संयुक्त किसान मोर्चे के अध्यक्ष ताजेन्द्र सिंह,विजय शास्त्री,अनूप कुमार, मोहन सिंह, परविंदर सिंह, श्याम सिंह प्रताप सिंह मड़ंजीत सिंह अमरजीत सिंह बलविंदर सिंह, स्वतंत्र बिष्ट, करतार सिंह, राहुल सैनी, उमेद बोरा आदि पदाधिकारी व किसान मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button