अजय गणपति बने एसडीआरएफ उत्तराखंड के 11वें सेनानायक। (2018 बैच के आईपीएस अधिकारी ने संभाली कमान, इससे पहले ऊधमसिंहनगर में थे तैनात)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
अजय गणपति ने एसडीआरएफ उत्तराखंड वाहिनी के 11वें सेनानायक के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया है। 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय गणपति इससे पहले ऊधमसिंहनगर जनपद में तैनात थे।
कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने वाहिनी मुख्यालय में अधिकारियों और विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों से मुलाकात कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं, प्रशिक्षण गतिविधियों और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने बल में अनुशासन बनाए रखने, रेस्क्यू उपकरणों और वाहनों को हमेशा तैयार रखने तथा आपदा के समय त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी पोस्टों के अधिकारियों और जवानों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। साथ ही रेस्क्यू अभियान के दौरान स्वयं और टीम की सुरक्षा को प्राथमिकता देने, नियमित अभ्यास करने और शारीरिक दक्षता बनाए रखने पर जोर दिया।
अजय गणपति ने कहा कि एसडीआरएफ उत्तराखंड देश की सर्वश्रेष्ठ इकाइयों में से एक है। इस प्रतिष्ठित बल का नेतृत्व करना उनके लिए उत्साह और गौरव का विषय है। सभी के सामूहिक प्रयासों से वाहिनी की कार्यक्षमता और व्यावसायिक दक्षता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले अर्पण यदुवंशी ने दो वर्ष से अधिक समय तक एसडीआरएफ उत्तराखंड का नेतृत्व किया। उनके कार्यकाल में वाहिनी ने विभिन्न आपदा एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उल्लेखनीय कार्य किए।



