Blog

रेशम माजरी में हाथियों का आतंक, दो बीघा गन्ने की फसल रौंदी। (लगातार फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हाथी, किसानों में दहशत; वन विभाग से सुरक्षा और मुआवजे की मांग)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
हाथियों की लगातार बढ़ती आवाजाही किसानों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। जंगली हाथी खेतों में घुसकर किसानों की महीनों की मेहनत बर्बाद कर रहे हैं। माजरी ग्रांट के रेशम माजरी प्रथम स्थित वार्ड संख्या 15 में बीती रात हाथियों के झुंड ने दो बीघा गन्ने की फसल रौंद दी। लगातार हो रहे नुकसान से किसानों में दहशत और नाराजगी है।

ग्रामीणों के अनुसार पिछले कई दिनों से बड़कोट वन रेंज से सटे आबादी क्षेत्र में हाथियों की चहलकदमी बनी हुई है। रात के समय हाथियों के खेतों में पहुंचने से किसानों को अपनी फसलों की सुरक्षा की चिंता सता रही है। किसानों ने आरोप लगाया कि हाथियों की आवाजाही की सूचना देने के लिए वन विभाग के कर्मचारियों से संपर्क किया जाता है, लेकिन कई बार फोन नहीं उठाया जाता। ऐसे में किसानों को खुद ही हाथियों को खेतों से खदेड़ना पड़ता है, जिससे उनकी जान भी जोखिम में रहती है।

किसान शैलेंद्र सिंह ने बताया कि हाथियों ने उनकी करीब दो बीघा गन्ने की फसल को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने सरकार से फसल क्षति का उचित मुआवजा देने के साथ ही वन विभाग से आबादी क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही रोकने और नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों की फसलों की सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम किए जाने जरूरी हैं।

बड़कोट रेंज अधिकारी गणेश प्रसाद उनियाल ने बताया कि क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही पर वन विभाग नजर बनाए हुए है। प्रभावित क्षेत्र में वनकर्मियों की गश्त बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि फसल के नुकसान का आकलन कर नियमानुसार किसान को मुआवजा दिलाया जाएगा। हाथियों की आवाजाही पर नियंत्रण के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button