(अंकिता भंडारी हत्याकांड: CBI जांच की प्रगति सार्वजनिक करे सरकार) कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
परवादून जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की CBI जांच में हो रही देरी पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाना केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से CBI जांच चल रही है, लेकिन आज तक जांच की प्रगति और सामने आए महत्वपूर्ण तथ्यों को सार्वजनिक नहीं किया गया है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि जांच किस स्तर तक पहुंची है और दोषियों के विरुद्ध अब तक क्या कार्रवाई हुई है।
उनियाल ने कहा कि अंकिता के परिवार को न्याय और उत्तराखंड की जनता को सच जानने का पूरा अधिकार है। जांच में किसी भी प्रकार की लीपापोती या राजनीतिक दबाव की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। मामले से जुड़े प्रत्येक आरोपी और षड्यंत्र में शामिल व्यक्ति की निष्पक्ष जांच कर कठोर दंड सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
कांग्रेस संगठन की मांग है कि –
• अंकिता भंडारी हत्याकांड की CBI जांच की वर्तमान स्थिति एवं प्रगति सार्वजनिक की जाए।
• जांच में सामने आए महत्वपूर्ण तथ्यों और कड़ियों को जनता के सामने रखा जाए।
• मामले से जुड़े प्रत्येक आरोपी एवं षड्यंत्र में शामिल व्यक्तियों की निष्पक्ष जांच की जाए।
• अंकिता भंडारी के परिवार को शीघ्र और पूर्ण न्याय सुनिश्चित किया जाए।
• दोष सिद्ध होने पर सभी दोषियों को कठोरतम दंड दिलाया जाए।
अंकिता को न्याय मिलने तक उत्तराखंड कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। यह केवल अंकिता की लड़ाई नहीं, बल्कि उत्तराखंड की हर बेटी की सुरक्षा, सम्मान और न्याय की लड़ाई है।



