अठूरवाला में गूंजेंगे श्रीराम के जयकारे, द्वितीय भव्य रामलीला की तैयारियां तेज। (24 अक्टूबर से 3 नवंबर तक मोलधार मैदान में होगा मंचन, पूर्वाभ्यास में जुटे कलाकार)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
अठूरवाला में द्वितीय भव्य श्रीरामलीला-2026 को लेकर तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। 24 अक्टूबर से 3 नवंबर तक होने वाली रामलीला को भव्य और प्रभावशाली बनाने के लिए अठूरवाला सांस्कृतिक मंच के पदाधिकारी, कलाकार और युवा जुटे हुए हैं। रामलीला के विभिन्न पात्रों को जीवंत बनाने के लिए कलाकार नियमित रूप से पूर्वाभ्यास कर रहे हैं।
पूर्वाभ्यास में कलाकार संवाद अदायगी, भाव-भंगिमा, अभिनय और मंच संचालन का अभ्यास कर रहे हैं। वहीं मंच, प्रकाश, ध्वनि और वेशभूषा समेत अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम भी चल रहा है। रामलीला को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह है।
रामलीला निर्देशक डॉ. ममता कुंवर ने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों और संस्कारों से जोड़ने का माध्यम भी है। कलाकार पूरे उत्साह के साथ तैयारी कर रहे हैं। संवाद, अभिनय और मंच प्रस्तुति को प्रभावशाली बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों के सहयोग और सहभागिता से इस वर्ष की रामलीला को और यादगार बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
समिति अध्यक्ष पुरुषोत्तम डोभाल ने बताया कि आयोजन की सफलता के लिए समिति के सभी पदाधिकारी और सदस्य अलग-अलग व्यवस्थाओं में जुटे हैं। मंच, प्रकाश, ध्वनि, वेशभूषा और अन्य तैयारियों को समय पर पूरा किया जा रहा है।
रामलीला का मंचन मोलधार रामलीला मैदान, गैस एजेंसी के सामने, अठूरवाला में होगा। समिति ने क्षेत्र के सभी रामभक्तों और स्थानीय निवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करने और इस सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।



