नवरात्र को लेकर खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, कुट्टू आटे के नमूने जांच को भेजे। (डोईवाला, भनियावाला, माजरी और लालतप्पड़ में खाद्य विभाग की कार्रवाई)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
शारदीय नवरात्र को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अभियान तेज कर दिया है। विभागीय अधिकारियों के निर्देश पर टीम ने डोईवाला, भनियावाला, माजरी और लालतप्पड़ क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन मनीष सयाना के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ऋषिकेश संतोष कुमार सिंह ने खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान खाद्य कारोबारियों को नवरात्र में व्रत के लिए इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से कुट्टू के आटे की बिक्री निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने संदेह के आधार पर विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से कुट्टू के आटे के चार नमूने लिए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सहायक आयुक्त मनीष सयाना ने बताया कि नवरात्र के दौरान उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने खाद्य कारोबारियों से भी खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की।



