अहोई अष्टमी पर मां की ममता ने बाजार में बढ़ाई रौनक, चांदी के मोतियों की माला बनी पसंद। (बच्चों के लिए अहोई माला और महिलाओं ने खरीदी लक्ष्मी माता की आकृति वाली चांदी की माला, फल व मिट्टी के बर्तनों की दुकानों पर भी रही भीड़)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
अहोई अष्टमी पर रविवार को बाजार में महिलाओं की खूब चहल-पहल रही। संतान की सुख-समृद्धि और लंबी उम्र की कामना को लेकर व्रत रखने वाली महिलाओं ने पूजा सामग्री, फल और पारंपरिक मिट्टी के बर्तनों की खरीदारी की। वहीं, सर्राफा दुकानों पर बच्चों के लिए चांदी के मोतियों वाली अहोई माला और महिलाओं के लिए माता लक्ष्मी की आकृति वाली चांदी की माला आकर्षण का केंद्र रही।
मिल रोड सर्राफा व्यापारी दामन बाली ने बताया कि अहोई अष्टमी पर महिलाओं ने पारंपरिक चांदी के आभूषणों में रुचि दिखाई। बच्चों के लिए मोतियों वाली माला के साथ ही माता लक्ष्मी की आकृति वाली माला की अच्छी मांग रही।
फल विक्रेता रवि पांचाल ने बताया कि व्रत और पूजा के चलते फलों की बिक्री में तेजी रही। सुबह से ही महिलाएं पूजा के लिए विभिन्न प्रकार के फल खरीदने पहुंचती रहीं। वहीं, मिट्टी के पारंपरिक बर्तनों की दुकानों पर भी महिलाओं की भीड़ देखने को मिली।



