संतान की लंबी उम्र के लिए माताओं ने रखा अहोई अष्टमी का व्रत, सुख-समृद्धि की मांगी दुआ। (भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना से गूंजे घर-आंगन, कथा सुनकर माताओं ने मांगा संतान की दीर्घायु और खुशहाली का आशीर्वाद)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला, भनियावाला, कुड़कावाला, रानीपोखरी, माजरी सहित आसपास के क्षेत्रों में रविवार को अहोई अष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने अहोई माता से संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर व्रत रखा।
सुबह से ही घरों में पर्व की तैयारियां शुरू हो गई थीं।
महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार अहोई माता की पूजा-अर्चना कर व्रत कथा सुनी। कई स्थानों पर महिलाओं ने एकत्र होकर भजन-कीर्तन किए और माता के भजनों से वातावरण भक्तिमय बना दिया। दिनभर व्रत रखने के बाद शाम को महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा कर तारों को अर्घ्य दिया और व्रत का पारण किया। इस दौरान माताओं ने अपनी संतान की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस दौरान पूर्व ब्लाक प्रमुख नगीना रानी,दिव्या लोधी,लक्ष्मी अग्रवाल, भावना लोधी, कविता, मंजू अग्रवाल, अनीता गुप्ता, शीतल वर्मा, साकरी, चमेली देवी आदि मौजूद रहे।



