साहित्यिक सफर के 27वें पड़ाव पर पहुंची ‘साईं सृजन पटल’, नवोदित लेखकों को मिल रहा अवसर। (डॉ. भारती मिश्रा ने किया नए अंक का विमोचन, ‘लेखक श्री सम्मान’ से हुईं सम्मानित)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
मासिक साहित्यिक पत्रिका ‘साईं सृजन पटल’ के 27वें अंक का विमोचन साहित्यकार डॉ. भारती मिश्रा ने किया। इस अवसर पर उन्हें लेखन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘लेखक श्री सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
डॉ. भारती मिश्रा ने कहा कि साहित्य समाज को दिशा देने का सशक्त माध्यम है। साहित्यिक पत्रिकाएं नए रचनाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने पत्रिका के प्रयासों की सराहना करते हुए निरंतर प्रकाशन की शुभकामनाएं दीं।
पत्रिका के संपादक (से.नि.)प्रो. डॉ के.एल. तलवाड़ ने कहा कि पत्रिका का उद्देश्य नए और स्थापित रचनाकारों को साहित्य, संस्कृति, लोकभाषा और सामाजिक सरोकारों से जोड़ना है।
उपसंपादक अंकित तिवारी ने कहा कि पत्रिका नवोदित प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के साथ साहित्यकारों को एक साझा मंच उपलब्ध करा रही है।
इस दौरान डॉ. भारती मिश्रा ने पटल के ‘बुक बैंक-पुस्तक भेंट सर्वश्रेष्ठ’ अभियान की सराहना की।
कार्यक्रम में लेखिका नीलम तलवाड़, इंसाइडी क्रिएटिव मीडिया के सीईओ अक्षत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



