एसआरएचयू जौलीग्रांट में इंटर कॉलेज वॉलीबॉल टूर्नामेंट (पुरुष)–2026 का समापन।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू) जौलीग्रांट के विश्वविद्यालय खेल समिति द्वारा आयोजित इंटर कॉलेज वॉलीबॉल टूर्नामेंट (पुरुष)–2026 का सफल समापन विश्वविद्यालय के न्यू स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में संपन्न हुआ। यह प्रतियोगिता 30 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होकर 2 मई 2026 तक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। जिसमें उत्तराखंड के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों की कुल 20 टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
फाइनल मुकाबले में ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि मेजबान एसआरएचयू जौलीग्रांट की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता के सभी मुकाबले अत्यंत रोमांचक रहे, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन किया।
समापन अवसर पर एसआरएचयू के कुलपति डॉ.राजेंद्र डोभाल ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विश्वविद्यालय स्पोर्ट्स कमिटी के अध्यक्ष डॉ.विनीत मेहरोत्रा ने सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों, अधिकारियों एवं सहयोगी स्टाफ का आभार व्यक्त किया।
यह प्रतियोगिता विश्वविद्यालय में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।
विजेता टीम (ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी) के प्रमुख खिलाड़ी: कार्तिक तिवारी, प्रियव्रत डबराल, हर्षित धपोला, राज सिंह मेहरा, लक्ष्मण नेगी, वंश शाह, प्रियांशु बिष्ट, हरमनदीप सिंह, ध्रुव भंडारी एवं प्रांजल राणा।
उपविजेता टीम (एसआरएचयू) के खिलाड़ी:
रूद्राक्ष नेगी, लक्ष्य नवानी, मोहित पंत, मोहित रावत, ऋषभ उनियाल, ऋषभ बिष्ट, ऋषि नेगी, अनंत जोशी, ओम बिजल्वाण एवं आदर्श चौहान।



