Blog

भानियावाला में रिहायशी इलाके में घुसा सांभर, वन विभाग ने सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा, (सभासद की सूचना पर वन विभाग–नगर पालिका की त्वरित संयुक्त कार्रवाई, कैटल कैचर से किया गया रेस्क्यू)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला के भानियावाला क्षेत्र में जंगल से भटककर एक सांभर रिहायशी इलाके में पहुंच गया। आबादी क्षेत्र में जंगली जानवर के पहुंचने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हलचल बढ़ गई। मामले की जानकारी मिलते ही वन विभाग और नगर पालिका ने आपसी समन्वय के साथ तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

वार्ड नंबर 10 के सभासद ईश्वर रोधन को जैसे ही सांभर के रिहायशी क्षेत्र में होने की जानकारी मिली, उन्होंने बिना देर किए वन विभाग को दूरभाष के माध्यम से अवगत कराया। सूचना पर वन विभाग की टीम नगर पालिका कर्मियों और स्थानीय लोगों के सहयोग से मौके पर पहुंची। रेस्क्यू के दौरान क्षेत्र में व्यवस्था बनाए रखी गई और अनावश्यक भीड़ को दूर किया गया, ताकि कार्यवाही सुरक्षित ढंग से पूरी की जा सके।

नगर पालिका की कैटल कैचर की मदद से सांभर को सावधानीपूर्वक काबू में लिया गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने उसे लच्छीवाला जंगल क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया। रेस्क्यू के दौरान न तो किसी व्यक्ति को नुकसान पहुंचा और न ही सांभर को कोई चोट आई।
रेस्क्यू अभियान के सफल होने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और वन विभाग व नगर पालिका की तत्परता की सराहना की।

सभासद ईश्वर रोधन ने बताया कि क्षेत्र में सांभर के पहुंचने की सूचना मिलते ही उन्होंने वन विभाग को सूचित किया। वन विभाग और नगर पालिका की टीम ने आपसी समन्वय से त्वरित कार्रवाई करते हुए कैटल कैचर की सहायता से सांभर को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा। उन्होंने कहा कि समय पर की गई कार्रवाई से किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।

लच्छीवाला रेंज अधिकारी मेधावी कीर्ति ने बताया कि सूचना प्राप्त होते ही वन विभाग की टीम आवश्यक संसाधनों के साथ मौके पर पहुंची। नगर पालिका और स्थानीय निवासियों के सहयोग से कैटल कैचर की मदद ली गई, जिससे रेस्क्यू कार्य सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से किया जा सका। उन्होंने कहा कि पूरी सावधानी बरतते हुए सांभर को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित रेस्क्यू कर लच्छीवाला जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button