कोतवाली पहुंचे आभूषण व्यापारी, चोरी के खुलासे की मांग, (कंचन ज्वेलर्स में ग्राहक बनकर आए दो पुरुष व दो महिलाओं ने उड़ाईं छह सोने की चेन, पुलिस से जल्द कार्रवाई की गुहार)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
चौक बाजार स्थित कंचन ज्वेलर्स में शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे हुई चोरी की वारदात के बाद आभूषण व्यापारी सुरेंद्र कुमार कक्कड़ व्यापारियों सहित कोतवाली पहुंचे और पुलिस से मामले का शीघ्र खुलासा करने की मांग की।
पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दो पुरुष और दो महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुईं और बातचीत में उलझाकर आलमारी से ट्रे सहित छह सोने की चेन गायब कर दीं।
दुकान व्यापारी सुरेंद्र कुमार कक्कड़ के अनुसार चारों संदिग्धों ने अलग-अलग ढंग से ध्यान भटकाया और मौका पाकर चेन से भरी ट्रे बैग में रख ली और कुछ ही पल में वहां से चले गए। चोरी गए आभूषणों की कीमत लगभग पांच लाख रुपये बताई जा रही है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आभूषण व्यापारी ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़कर चोरी गए सोने की बरामदगी की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और टीम गठित कर जांच तेज कर दी गई है। स्थानीय व्यापारियों में घटना को लेकर रोष है और उन्होंने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
इस दौरान प्रमोद भारद्वाज, दामन बाली, विजय नागिया, मनुज गुप्ता, राहुल जिंदल संजय भारद्वाज दिनेश कक्कड़ आदि आभूषण व्यापारी मौजूद रहे।



